चिनैनी। पुलिस स्टेशन कुद के अंतर्गत डोगरा के निकट सड़क पर खड़े डीजल के टैंकर में आग लग गई। हाइसे में चालक घायल हुआ है। लेकिन पुलिस और दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया है। वहीं, घटना के समय अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
रविवार सुबह चिनैनी-पटनीटाप मार्ग पर खड़े डीजल के टैंकर (पीबी13बीजी 4816) में आग लग गई। इस दौरान चालक और परिचालक टैंकर के अंदर ही सोए थे। आग की जानकारी मिलते ही तुरंत उन्होंने बाहर निकल कर जान बचाई। लेकिन चालक शंकर सिंह (63) निवासी संगरूर (पंजाब) घायल हो गया। उसके मुंह व बाजू को चोटें आई हैं। उसे सीएचसी चिनैनी ले जाया गया, जहां उपचार किया गया। चालक ने बताया कि वह और सहचालक कैबिन में सोए थे। इस दौरान कैबिन में आग लग गई। चिनैनी फायर सर्विस व कुद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर वचाव कार्य शुरू किया। दो दमकल वाहनों की मदद से समय रहते आग पर काबू पाया गया। लेकिन टैंकर का कैबिन पूरी तरह राख हो गया है। वहीं, मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर, टैंकर में भीषण आग के बाद दोनों और से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। बाद में मौके पर पहुंचे टीम ने आग पर काबू पाया और बाद में वाहनों की आवाजाही शुरू की गई। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।
घटना के बाद लोगों में रोष, दूसरी जगह टैंकर खडे़ करने की मांग
चिनैनी-पटनीटाप मार्ग पर रोके जा रहे टैंकरों का स्थानीय ग्रामीण कई बार रोष जता चुके हैं। लोगों के अनुसार कई हादसे यहां पर हो चुके हैं। स्थानीय निवासी देव राज, हंस राज व विक्रम सिंह ने बताया कुछ वर्ष पहले भी टमाटर मोड़ के पास पेट्रोल टैंकर ट्रांसफार्मर के साथ टकराया था। उस समय भी बड़ा हादसा टला था। जबकि कुछ माह पहले एक टैंकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। वह भी आबादी वाले क्षेत्र में और अब फिर से टैंकर में आग लगी है। इससे स्थानीय लोगों में दहशत है। उन्होंने आबादी क्षेत्र से दूर टैंकरों को रुकने की अनुमति देने की मांग उठाई है।