उधमपुर। दो माह बाद कोविड पाबंदियां हटते ही देविकानगरी फिर से गुलजार हो गई है। शहर के हर चाक चौराहे पर लोगों भी भीड़ दिखाई दी। वहीं, अधिक संख्या में वाहनों की आमद से जहां कई जगहों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही वहीं सामाजिक दूरी के नियम की धज्जियां भी उड़ती दिखाई दीं। उधर, दुकानें खुलने के बाद कारोबारियों के चेहरों पर भी रौनक लौट आई है।
गौरतलब है कि प्रदेश प्रशासन के बाद जिला प्रशासन ने रविवार शाम को वीकेंड कोरोना कर्फ्यू खत्म करने के साथ ही रोजाना सभी दुकानें खोलने का आदेश जारी किया है। सोमवार सुबह आठ बजे से बाजार खुलते ही लोगाें का पहुंचना शुरू हो गया था। दो माह बाद बाजारों में सभी दुकानें खुलीं और हजारों लोगों ने जमकर खरीदारी की।
कपड़े, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों में सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। कोर्ट रोड, सलाथिया चौक, मुखर्जी बाजार, मुख्य बाजार, गोल मार्केट, सैलां तालाब, अस्पताल रोड आदि इलाकों में सुबह से शाम तक जाम की स्थिति उत्पन्न रही। कई दुकानों के बाहर भीड़ लगी नजर आई। बहुत कम लोग सामाजिक दूरी के नियम का ख्याल रखते नजर आए। कई लोग बाजार में बिना मास्क के भी घूमते नजर आए। शहर के विभिन्न हिस्सों में पुलिस कर्मी मौजूद रहे।