- शहर की शोभा को लगाएगा चार चांद, देविका के महत्व से हर कोई होगा रूबरू
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। गंगा की बड़ी बहन के रूप में पूजी जाने वाली देविका नदी के किनारे शिवनगर इलाके में देविका थीम पार्क का सपना जल्द पूरा होगा। लोक निर्माण विभाग की ओर सभी औपचारिकताएं पूरी कर अब लगभग 2.59 करोड़ का टेंडर जारी कर दिया गया है।
जुलाई अंत तक निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके निर्माण से जहां शहर की शोभा को चार चांद लगेंगे, वहीं देविका के इतिहास को भी हर कोई बेहतर ढंग से जान पाएगा। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 4.65 करोड़ से पांच साल पहले देविका थीम पार्क का निर्माण कार्य किया गया था। 2020 में तत्कालीन उपायुक्त पीयूष सिंगल ने देविका घाट के साथ लगते पीएचई के पुराने स्टोर को स्थानांतरित करवाकर देविका पार्क की नींव रखी लेकिन निर्माण कोरोना महामारी के कारण बंद हो गया।
वर्ष 2021 में निर्माण शुरू हुआ तो बजट की कमी की वजह से निर्माण कार्य को बंद करना पड़ा। पहले चरण में अब तक लगभग एक करोड़ के करीब पार्क के निर्माण पर खर्च किया जा चुका था। इसके बाद से पिछले दो साल से निर्माण कार्य बंद पड़ा हुआ है। मौजूदा समय में थीम पार्क स्थल को लोग पार्किंग के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। मौजूदा डीसी सलोनी राय ने थीम पार्क परियोजना को अंतिम रूप देने के लिए बजट नगर परिषद को जारी कर दिया है, जबकि निर्माण कार्य का जिम्मा लोक निर्माण विभाग को सौंपा गया है।
इसको लेकर दूसरे चरण मे लगभग 2.59 करोड़ का टेंडर भी जारी हो गया है और जुलाई अंत तक निर्माण कार्य फिर से शुरू कर दिया जाएगा। जोकि अगले डेढ साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उसके बाद तीसरे चरण में पार्क को लगभग 1 करोड़ की लागत से अंतिम रूप दिया जाएगा।
देविका के महत्व व इतिहास का होगा बेहतर प्रचार
गौरतलब है कि देविका थीम पार्क में बच्चों के लिए मनोरंजन की सुविधा होगी और यह उधमपुर जिले की सांस्कृतिक विरासत के संदेश के प्रसार के लिए जागरूकता केंद्र के तौर पर काम करेगा। थीम पार्क देविका परियोजना का ब्लू प्रिंट भी प्रदर्शित करेगा और आगंतुकों को जानकारी प्रदान करने के लिए एक मनोरंजक केंद्र होगा। थीम पार्क में पार्किंग की सुविधा होगी, जो शहर में जाम को कम करने में सहायक सिद्ध होगी।
खासकर बाहरी राज्यों से आने वाल पर्यटकों एवं यात्रियों को देविका के इतिहास और महत्व से रूबरू होने का मौका मिलेगा। इसके माध्यम से देविका के महत्व को देश के कोने-काेने तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी। पर्यटक इस थीम पार्क में पौराणिक मंदिरों का भी इतिहास और महत्व जान पाएंगे। इसके अलावा उधमपुर और प्रदेश से जुड़ी संस्कृति की भी यहां झलक मिलेगी।
बच्चों के लिए ज्ञान व मनोरंजन का केंद्र
शहर के बीचोबीच पुराने जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित देविका किनारे तैयार होने वाला थीम पार्क हर किसी के लिए आकर्षण का केंद्र होगा। धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होने के साथ ही निचले इलाके में बसे शहरवासियों को भी पार्क की सुविधा उपलब्ध हो पाएगी। खासकर बच्चों के लिए ज्ञान के साथ-साथ मनोरंजन केंद्र के रूप में भी यह काफी लाभदायक होगा।
कोट... पहले चरण में थीम पार्क का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया था और फंड के अभाव में निर्माण कार्य लंबे समय से बंद पड़ा था। डीसी सलोनी राय के प्रयासों से पार्क के लिए फंड मुहैया कराया गया है। दूसरे चरण के निर्माण कार्य को लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
-विशाल सडोत्रा, सीईओ, नगर परिषद