चिनैनी। कस्बे के वार्ड 7 के लोगों ने धनास से शेरगढ़ तक सड़क बनाने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि सड़क न होने से वार्ड के लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। उनके वाहन घरों तक नहीं पहुंचते। बाहर ही कहीं स्थान देखकर खड़े करने पड़ते हैं, जिससे वाहन के चोरी होने या उसे नुकसान पहुंचने का डर बना रहता है।
स्थानीय निवासी विपिन कुमार, मदन लाल, पवन कुमार और अशोक कुमार ने बताया कि वार्ड 7 की गली भी संकरी है, जहां चार पहिया वाहन नहीं पहुंच पाते। गली से दोपहिया वाहन ही गुजरते हैं। ऐसी आपात स्थिति में लोगों को दिक्कतें होती हैं। वार्ड में यदि कोई बीमार हो जाए तो उसे पहले उठाकर ले जाना पड़ता है। इसके बाद गाड़ी से अस्पताल तक पहुंचाया जाता है।
कहा कि वार्ड में यदि कोई कार्य शुरू किया जाए और निर्माण सामग्री पहुंचानी पड़े तो उसके लिए भी लोगों को सोचना पड़ता है। कई बार सड़क बनाने की मांग उठाई गई है। धनास मार्ग से शेरगढ़ तक सड़क बना दी जाए तो वार्ड के लोगों को भारी लाभ होगा। वह भी अपने वाहन वार्ड में खड़े कर पाएंगे।
---
लोगों ने मौखिक रूप से इस स्थान पर सड़क बनाने की मांग की है, लेकिन लिखित रूप से किसी ने कोई मांग नहीं रखी। जिस स्थान पर वे सड़क की मांग कर रहे हैं, वहां देवस्थान के कारण सड़क बनना मुमकिन नहीं है। मौके का जायजा लेकर किसी अन्य स्थान पर सड़क की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।
- मानिक गुप्ता, नगरपालिका अध्यक्ष, चिनैनी