उधमपुर। शहर में सीवरेज पाइप लाइन बिछाने के लिए उखाड़ी गईं सड़कों व गलियों की हालत सुधरने के लिए शहरवासियों को अभी और इंतजार करना पड़ेगा। खराब मौसम के कारण यूईईडी सड़कों व गलियों की मरम्मत का कार्य नहीं कर रहा है। नगर परिषद का कहना है कि यूईईडी ने 15 अक्तूबर तक सभी सड़कों की हालत सुधारने के लिए लिखित में आश्वासन दिया था। हालत देखते हुए यह संभव नहीं लगता।
2019 में यूईईडी ने शहर में सीवरेज पाइप लाइन बिछाने का कार्य शुरू किया था। पाइप लाइन बिछाने के लिए शहर की सड़कों व गलियों के बीच में खोदाई की गई। शहर की हर सड़क व गली को उखाड़ कर पाइप लाइन बिछाई गई। इन सड़कों की हालत सुधारने का काम भी यूईईडी को ही करना था। लेकिन, आज तक यूईईडी मरम्मत नहीं कर पाया है। अभी यूईईडी ने 20 किलोमीटर से अधिक सड़कों व गलियों की मरम्मत की है। इसको लेकर शहरवासी कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं।
-----
यूईईडी ने नगर परिषद को कई बार दिया आश्वासन
नप ने यूईईडी पर जल्द सड़कों व गलियों की हालत सुधारने का दबाव बनाया, और यूईईडी ने 20 अगस्त से सभी सड़कों पर तारकोल डाल कर हालत सुधारने का आश्वासन दिया। लेकिन, खराब मौसम के कारण तारकोल के प्लांट नहीं खुल सके। इसके बाद नप ने सितंबर में यूईईडी के कार्य की समीक्षा बैठक की। इस बैठक में यूईईडी ने 15 अक्तूबर तक सभी सड़कों व गलियों की मरम्मत के लिए लिखित आश्वासन दिया। लेकिन, मौजूदा हालात को देखते हुए लगता नहीं है कि यूईईडी मरम्मत कार्य 15 अक्तूबर तक पूरा कर सकेगा। अभी तक यूईईडी सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं कर पाया है, और शहरवासी इसके लिए इंतजार कर रहे हैं।
----
प्रतिदिन बदहाल होती जा रही हैं सड़कें
मरम्मत न किए जाने के कारण शहर की सड़कें दिन प्रतिदिन बदहाल होती जा रही हैं। बारिश के कारण तो परेशानी दोगुनी होने लगी है। सड़कों के बीच छोटे नाले बनने लगे हैं, और आए दिन शहरवासी इसके कारण हादसों का भी शिकार रहे हैं। कई सड़कें तो कीचड़ में तब्दील हो कर परेशानी को बढ़ाने का काम कर रही है।
-------
नगर परिषद ने यूईईडी के साथ बैठक कर परेशानी का हल निकालने का प्रयास किया था। तब यूईईडी ने 15 अक्तूबर तक सड़कों की मरम्मत का भी आश्वासन दिया था। लेकिन, इस बार बरसात लंबी होने के कारण मरम्मत शुरू नहीं हो पाई। तारकोल के प्लांट अभी भी बंद हैं। इनके खुलने का इंतजार किया जा रहा है।
- डॉ. जोगेश्वर गुप्ता, नगर परिषद अध्यक्ष, उधमपुर