उधमपुर: मुंसिपल काउंसिल द्वारा इस जगह पर बनाया जाएगा फिशपॉन्ड.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। देविका घाट के पास सांई मंदिर के नजदीक नगर परिषद एक मछलियों का तालाब बनाएगा। इससे देविका घाट के सौंदर्य में चार चांद लग जाएंगे। नप की इस योजना में करीब 10 लाख रुपये खर्च होने वाले है। यह कार्य नप मत्स्य विभाग के साथ मिलकर करेगा।
देविकानगरी में पहली बार मछलियों का तालाब तैयार किया जा रहा है। देविका घाट के नजदीक करीब 20 वर्ष पहले सीवरेज विभाग ने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का काम शुरू किया था। इसकेे तहत कुछ हिस्से में सीवरेज पाइप लाइन डाली गई थी, और ट्रीटमेंट प्लांट तैयार किया गया था। लेकिन, फिर अचानक इस काम को बंद कर दिया गया, और फिर यह काम दोबारा शुरू नहीं हो सका। ट्रीटमेंट प्लांट के लिए फिल्टर बनाए गए थे।
इसी स्थान पर मछलियों का तालाब तैयार किया जाएगा। बनाए गए फिल्टर को ही तालाब में तब्दील करने की योजना है। इसके लिए करीब 10 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। योजना को लेकर नप अध्यक्ष ने मत्स्य विभाग के अधिकारियों के साथ स्थान का दौरा किया। विभाग ने नप से कहा है कि इस स्थान पर रंग बिरंगी मछलियां रखी जा सकती हैं। जब पर्यटक देविका घाट का सौंदर्य देखने आएंगे तो मछलियों से भरे तालाब को भी देख सकेंगे। इससे देविका घाट की सुंदरता बढ़ेगी, और पर्यटक भी बढ़ेंगे।
-----
मछलियों का तालाब बनाने की योजना तैयार कर ली गई है। इसके लिए करीब ढाई कनाल जमीन उपलब्ध है। मत्स्य विभाग के अधिकारियों के साथ इसको लेकर चर्चा की जा चुकी है। पूरा प्रयास किया जा रहा है कि जल्द इसका काम शुरू हो जाए।
- डॉ. जोगेश्वर गुप्ता, नगर परिषद अध्यक्ष, उधमपुर