उधमपुर। सिंचाई व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सुद्धमहादेव कूल (2250 मीटर) और चाैका नाला से डेरा मंदिर कूल (800 मीटर) का मरम्मत और पुनर्स्थापन कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा। इसके लिए सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभागीय जानकारी के मुताबिक इस परियोजना की कुल लागत 65.58 लाख रुपये होगी और इसे जिले की स्थायी कूल पुनर्स्थापन योजना के तहत पूरा किया जाएगा।
स्थानीय किसानों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा है कि लंबे समय से वे इस तरह के कार्य की मांग कर रहे थे। बीते साल अगस्त और सितंबर माह में हुई तेज बारिश से इन कूलों की हालत ज्यादा खराब हो गई थी। स्थानीय बोध राज, हेमराज, मंगलदास, नेक राम, उत्तम चंद व अन्य क्षेत्रवासियों के मुताबिक लंबे समय से इन कूलों की खराब स्थिति के कारण आसपास के किसानों को सिंचाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। बेहतर सिंचाई सुविधाओं के चलते फसलों की पैदावार बढ़ेगी और कृषि क्षेत्र में आर्थिक मजबूती आएगी।
-
स्थायी बहाली कार्यक्रम के तहत कूलों की मरम्मत कार्य को लेकर टेंडर जारी कर दिया गया है और इसकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे का काम भी जल्द पूरा किया जाएगा। जिले में अन्य सभी खराब पड़ी सिंचाई संरचनाओं को भी चरणबद्ध तरीके से दुरुस्त किया जाएगा, ताकि किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
-
गिरधारी लाल, एक्सईएन