संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जिले में अटल टिंकरिंग लैब की स्थापना को लेकर मुख्य शिक्षा अधिकारी ने सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों के प्रधानाचार्यों और मुख्याध्यापकों को निर्देश जारी किए हैं। निर्देशित किया गया है कि वे तीन दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।
अब तक बहुत कम स्कूलों की ओर से इस योजना के लिए आवेदन करने पर उच्च अधिकारियों ने चिंता जताई है। निदेशालय स्कूल शिक्षा जम्मू द्वारा अटल इनोवेशन मिशन, नीति आयोग के तहत फ्रंटियर रीजन प्रोग्राम के अंतर्गत जम्मू-कश्मीर में 500 अटल टिंकरिंग लैब स्थापित की जानी हैं। इस संबंध में सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने जिलों के पात्र सरकारी एवं मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।
इसी बीच मुख्य शिक्षा अधिकारी की ओर से कहा गया है कि जिले के केवल कुछ ही विद्यालयों ने अटल टिंकरिंग लैब के लिए आवेदन किया है। इस कम प्रतिक्रिया को उच्च अधिकारियों ने गंभीरता से लिया है।
सीईओ ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन विद्यालयों ने आवेदन नहीं किया है, उनके संस्थान प्रमुखों को आवेदन न करने के कारणों का उल्लेख करते हुए लिखित प्रमाणपत्र कार्यालय में जमा कराना जरूरी होगा।