उधमपुर। डेंगू के प्रकोप से अभी भी पूरी तरह से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। रविवार के बाद लगातार दूसरे दिन सोमवार को भी उधमपुर में पांच और नए मामले पाए गए हैं। इसके बाद जिले में अब तक पाए गए डेंगू के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 511 हो गई है।
गौरतलब है कि तापमान में गिरावट आने के बावजूद अभी भी डेंगू के नए मामले आने का सिलसिला जारी है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग इस पर अंकुश लगाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है, लेकिन इसके बावजूद डेंगू का प्रकोप थम नहीं पाया है। उधमपुर के शहरी व आसपास के इलाकों में अभी भी कुछ नए मामले पाए जा रहे हैं। रविवार को भी पांच नए मामले पाए गए थे और इसके दूसरे दिन सोमवार को भी पांच और नए मामले सामने आए हैं।
इससे पहले वीरवार से लेकर शनिवार तक कुल नौ नए मामले पाए गए थे। इसके बाद अब बीते दो दिनों में 10 नए मामले सामने आए हैं। कुल मिलाकर बीते पांच दिनों में अब तक 19 नए मामले रिपोर्ट किए गए हैं।
वहीं जिला मलेरिया अधिकारी गोपाल दास का कहना है कि विभाग की तरफ से डेंगू के प्रकोप पर रोक लगाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उम्मीद है कि तापमान में थोड़ी सी और गिरावट आने के बाद डेंगू के प्रकोप से लोगों को राहत मिल जाएगी लेकिन फिर भी लोगों को सावधान रहने की जरूरत है।