उधमपुर। जिले में डेंगू के मामलों की संख्या में रिकार्ड बढ़ोतरी जारी है। बुधवार शाम तक जिले में पांच डेंगू के नए मामलों के साथ ही संख्या 287 पहुंच गई है। मौजूदा स्थिति को देखते हुए आगामी दिनों में और बढ़ोतरी की संभावना है। ज्यादातर मामले शहर के अंदर ही मिल रहे हैं। शहरवासियों ने इस बार दिवाली डेंगू के बीच ही मनाई है। स्वास्थ्य विभाग का कहना कि डेंगू पर अंकुश लगाने का हर संभव प्रयास जारी हैं। मौसम में बदलाव के बाद ही इनकी संख्या में कमी आ सकेगी।
2022 में जिले में डेंगू के मामलों का नया रिकार्ड बन गया है। शुक्रवार शाम तक जिले में डेंगू के मामलों की संख्या 230 थी और चार दिन के अंदर ही जिले में 57 नए मामले मिले हैं। वहीं, दस दिन में 92 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ जिले में डेंगू के कुल मामलों की संख्या 287 हो गई है। पहली बार जिले में रिकार्ड 287 मामले सामने आए हैं। इससे पहले 2021 में डेंगू के कुल 110 मामले सामने आए थे। इस बार पिछले वर्ष के मुकाबले में ढाई गुणा अधिक मामले हो गए हैं। हर रोज जिला अस्पताल में लोग तेज बुखार की शिकायत लेकर लोग पहुंच रहे हैं और जब इनके डेंगू के टेस्ट करवाए जा रहे हैं तो कई लोग पॉजिटिव पाए जा रहे हैं।
धरतेरस और दिवाली के बीच ही जिले में 50 से अधिक मामले सामने आए हैं। बुधवार को कुल पांच डेंगू के मामले सामने आए हैं। जिन स्थानों पर डेंगू के मामले सामने आ रहे हैं, वहां पर मलेरिया टीमों को भेजा रहा है और सर्वे करने के साथ लोगों को जागरूक किया जा रहा था। साथ ही घरों के अंदर व बाहर जमा पानी को गिराया जा रहा है। जांच के दौरान शहरवासियों के घरों में ड्रम, गमले, टायरों में जमा पानी मिल रहा है और इनमें ही डेंगू का मच्छर पनप रहा है। स्वास्थ्य विभाग की मेलरिया टीम का कहना है कि कई बार जागरूक करने के बाद भी ज्यादातर लोगों ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया और डेंगू के डंक का शिकार हो गए हैं। जब घरों में जांच की जा रही है तो किसी के टंकरी में पानी जमा मिल रहा है तो किसी के ड्रम और टायर में पानी जमा मिल रहा है। इनमें डेंगू के मच्छर का लारवा पाया जा रहा है। लेकर शहर में लगातार हालात खराब होते जा रहे हैं और स्वास्थ्य विभाग की चिंता भी बढ़ती जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग की मलेरिया टीम डेंगू पर अंकुश लगाने का हर संभव प्रयास कर रही है। लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जहां मामले सामने आ रहे हैं उन घरों के आसपास 50 से अधिक घरों में दवाई का छिड़काव करने के साथ सर्वे भी किया जा रहा है।
- गोपाल दास, जिला मलेरिया अफसर, उधमपुर
ये हैं मलेरिया और डेंगू के लक्षण
- शरीर में कंपकंपी होना
- तेज बुखार
- शरीर में तेज दर्द
- ज्यादा पसीना आना
इन लक्षणों की स्थिति में अपने निकटतम स्वास्थ्य केंद्र व अस्पताल में जाकर जांच करवाएं।
ऐसे बचें मलेरिया और डेंगू से
- घर या आसपास पानी जमा न होने दें
- पानी बर्तन और टंकियों को ढक कर रखें
- सप्ताह में दो बार कूलर, पानी के ड्रम, गमलों, फूलदानों और पक्षियों के बर्तन में रखे पानी को जरूर बदलें
- शरीर को पूरी तरह ढकने वाले कपड़े पहने
- बुखार होने पर खून की जांच करवाएं