चिनैनी। कोरोना महामारी का असर जम्मू संभाग के प्रमुख पर्यटन स्थल पटनीटॉप पर भी पड़ा है। कभी सैलानियों से गुलजार रहने वाला पर्यटक स्थल इन दिनों वीरान है। प्रशासन ने बुकिंग की शर्त के साथ पटनीटॉप में सैलानियों की आवाजाही बहाल कर कुछ राहत दी हुई है, लेकिन इस कारण अन्य कारोबारियों को फिलहाल कोई राहत नहीं मिली है। उन्होंने प्रदेश सहित जिला प्रशासन से पटनीटॉप के लिए भी नए दिशानिर्देश जारी करने की मांग की है।
पटनीटॉप टैक्सी यूनियन के प्रधान प्रकाश चंद ने कहा कि यहां 80 टैक्सियां हैं। मार्च में लॉकडाउन शुरू होते ही कारोबार ठप हो गया है। क्योंकि सैलानियों की आमद नहीं होने से से वाहन खड़े हैं। कुछ लोगों ने टैक्सियों के लिए लोन भी लिया था, जिसे चुकाना भी मुश्किल होता जा रहा है।
फोटोग्राफर यूनियन के प्रधान सुभाष चंद्र ने कहा कि पटनीटॉप को आम सैलानियों के लिए खोल दिया जाए तो कारोबार में इजाफा होगा। छह माह से कारोबार बंद होने से कई तरह की दिक्कतें आ रही हैं। रोज आने वाले सैलानियों से कारोबार भी अच्छा होता है। ऐसे में पटनीटाप के लिए प्रशासन को दिशानिदेशों में कुछ बदलाव करने की जरूरत है।
दुकानदार सतीश गुप्ता ने बताया कि पटनीटाप जम्मू संभाग का खूबसूरत पर्यटन स्थल है, जहां की जलवायु भी सैलानियों को आकर्षित करती है। इस कारण हर कोई यहां आना चाहता है। मगर कोविड-19 को लेकर जारी दिशानिर्देशों के तहत सिर्फ होटलों की एडवांस बुकिंग वाले ही यहां आ सकते हैं। ऐसे में पटनीटाप का कारोबार ठप हो जाएगा। सभी कारोबारियों ने सरकार से मांग की है कि पटनीटॉप को आम सैलानियों के लिए खोला जाए।