उधमपुर। शहर में करीब एक सप्ताह से शहरवासी पानी की किल्लत का सामना कर रहे हैं। जानकारी के बाद भी जलशक्ति विभाग पानी की किल्लत को दूर नहीं कर रहा है। क्षतिग्रस्त पाइपों की मरम्मत भी नहीं की जा रही है। अगर जल्द जलशक्ति विभाग ने पानी की किल्लत को दूर नहीं किया तो मजबूरन शिवसेना को सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन करना पड़ेगा। यह बातें रविवार को शिवसेना के जिला प्रधान संजीव कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि जलशक्ति विभाग लोगों को जरूरत अनुसार पानी देने में पूरी तरह से विफल हो चुका है। एक तरफ तो शहरवासी पानी को तरस रहे हैं और दूसरी तरफ पानी की सप्लाई देने वाली ज्यादातर पाइपें क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इनमें हर रोज पानी को बेकार बहता हुआ देखा जा सकता है। विभाग इनकी मरम्मत नहीं करवा रहा है और इसके कारण भी पानी की किल्लत बढ़ रही है। शिव सेना इस लापरवाही को किसी कीमत पर सहन नहीं करेगी। उनकी मांग है कि जलशक्ति विभाग जल्द पानी की किल्लत को दूर कर राहत प्रदान करे। अगर ऐसा नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में शिवसेना इसके विरोध में सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन करेगी।