उधमपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की कमी को पूरा करने के लिए लगाए गए अधिकतर हैंडपंप खराब पड़े हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में पीने के पानी को लेकर हाहाकार मची है। यह बातें पैंथर्स पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बलवंत सिंह मनकोटिया ने कहीं।
शनिवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि चार-पांच माह से जिले के अधिकतर हैंडपंप खराब पड़े हैं। इससे ग्रामीण इलाकों में पेयजल संकट की स्थिति है। कई बार ग्राउंड वाटर विभाग के अधिकारियों समेत जिला प्रशासन को भी अवगत करवाया गया, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। शनिवार को सिविल सचिवालय में सलाहकार भटनागर को इस समस्या से अवगत करवाया है, जिनके पास जलशक्ति विभाग है।
सलाहकार ने जलशक्ति विभाग के चीफ इंजीनियर को हैंडपंप जल्द ठीक करवाने का आदेश दिया है। मनकोटिया ने कहा कि पंचायत बड़ाली, पंचायत सूई, पंचायत मानसर, पंचायत सियाल जट्टां, टिकरी, मांड, मलाड़, गरनेई, बट्टल बालियां, नीलीनाला, जिब थाती आदि इलाकों समेत ब्लाक मजालता, खून और घोरड़ी के पंचों सरपंचों और चेयरमैनों ने समस्या बताई जिसके बाद सलाहकार से मुलाकात स्थिति से अवगत करवाया है। उम्मीद है कि इस गर्मी में पीने के पानी की समस्या को हल करने के लिए खराब हैंडपंपों को जल्द ठीक करवाया जाएगा।