कठुआ। भागथली औद्योगिक क्षेत्र से सटी जराई पंचायत स्थित सरकारी हाई स्कूल को गांव के पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों ने हायर सेकेंडरी का दर्जा दिए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि इलाके की रहने वाली गरीब आबादी के पास इतने संसाधन नहीं है।
लिहाजा गांव के हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी स्कूल का दर्जा दिया जाए। इस संबंध में जराई पंचायत की पूर्व सरपंच आराधना अंदोत्रा ने बताया कि गांव के बच्चों की शिक्षा से जुड़े इस मुद्दे को उन्होंने गत दिनों हाई स्कूल में आयोजित वार्षिकोत्सव समारोह में जिला मुख्य शिक्षा अधिकारी के समक्ष उठाया था। उनका कहना है कि उनके गांव के इस स्कूल में जराई पंचायत ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्य पंजाब के गांव से बच्चे भी शिक्षा ग्रहण करने के लिए आते हैं। वहीं, भागथली औद्योगिक क्षेत्र का विकास होने के साथ इलाके की आबादी भी बढ़ रही है। ऐसे में यहां शिक्षा स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं का विकास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों की जरूरत को उन्होंने शिक्षा विभाग के जिला अधिकारी तक पहुंचाया है। अगर जरूरत पड़ी तो वह इसके लिए विभाग के निदेशक तक भी लोगों की मांग पहुंचने का प्रयास करेगी। संवाद