तहसील मुंसिफ कोर्ट में मुकदमेबाजी के लिए उपलब्ध हाल।
- बार एसोसिएशन के प्रधान ने यात्री शेड, वाटर कूलर तथा महिलाओं के लिए शौचालय बनाने की उठाई मांग
चिनैनी। कस्बे के कोर्ट परिसर में लिटिगेशन हाल की मरम्मत किए जाने की मांग बार एसोसिएशन के प्रधान ने बुधवार को उठाई। बार एसोसिएशन चिनैनी के प्रधान एडवोकेट तारिक अहमद मुगल तथा स्टेनो का काम करने वाले मुर्तुजा ने कहा कि लिटिगेशन हाल की मरम्मत की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि लिटिगेशन हाल की दीवारों में अभी भी प्लास्टर नहीं हुआ है, और ना ही खिड़कियां लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि लिटिगेशन हाल में करीब छह से सात वकील बैठते हैं और हर रोज काफी संख्या में लोग भी आते हैं लेकिन जगह की कमी के कारण कई परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। कई लोगों को बाहर ही इंतजार करना पड़ता है।
उनका कहना था कि खिड़कियां न होने के कारण सर्दियों में ठंड से लोग परेशान होते हैं और गर्मियों में मच्छर हाल में घुस जाते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग उठाई है कि लिटिगेशन हाल की मरम्मत करने तथा यात्री शेड , महिलाओं के लिए शौचालय तथा वाटर कूलर ओर अन्य मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि लोगों की परेशानियां दूर हो सकें।