उधमपुर/रामनगर। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास व सार्वजनिक शिकायतों के निवारण के लिए प्रशासनिक अधिकारियों का हस्तक्षेप बढ़ना चाहिए। इससे विकास कार्यों की उचित निगरानी के साथ-साथ जनता की शिकायतों व समस्याओं का समय पर निवारण करने में मदद मिलेगी। यह बातें डीडीसी उपाध्यक्ष जूही मन्हास ने रामनगर में तीन दिवसीय दौरे के दौरान कहीं।
डीडीसी उपाध्यक्ष ने खुन, एसटी बस्ती, केहल, जाखेनू, सुंडला और टाउन हॉल रामनगर में जनसभाओं का आयोजन कर प्रशासनिक अधिकारियों से दूरदराज क्षेत्रों पर अधिक ध्यान देने का आह्वान किया। वहीं, कार्यकारी एजेंसियों से विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने की अपील की। इसके साथ ही हर घर जल और बिजली पहुंचाने पर जोर दिया। इस मौके पर लोगों ने स्वास्थ्य और शैक्षणिक संस्थानों में स्टाफ की कमी, खस्ताहाल सड़कों, राशन और नागरिक आपूर्ति की समयबद्ध आपूर्ति में कमी, दूरदराज के इलाकों में अधिकारियों की कम उपस्थिति, पानी-बिजली की समस्या से भी अवगत अवगत करवाया।
जूही मन्हास ने समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही केंद्र सरकार की हर घर जल और बिजली योजना के संबंध में कार्यकारी अधिकारियों के साथ-साथ जिला प्रशासन को एक मिशन मोड पर काम शुरू करने का आह्वान किया। इस मौके पर डीडीसी रामनगर-वन मूल राज, रामनगर-2 के डीडीसी सदस्य जट्टू राम, डीडीसी लाटी-मरोठी की पिंकी देवी आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।