उधमपुर। कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए मंगलवार को डीडीसी अध्यक्ष लाल चंद ने जिला अस्पताल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान संक्रमितों के लिए अस्पताल में की गई सभी तैयारियों और उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा भी की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर केसी डोगरा और चिकित्सा अधीक्षक बलविंद्र सिंह ने उन्हें जानकारी दी। डीडीसी अध्यक्ष ने डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को मरीजों की देखभाल करते हुए एसओपी का पालन करने को कहा। जिले में कोविड -19 प्रबंधन के संबंध में स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए चेयरपर्सन ने कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए अस्पताल प्रशासन की तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया।
इसके बाद उन्होंने सैंपलिंग सेंटर और टीकाकरण काउंटर का भी दौरा किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को इस खतरनाक वायरस के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए कोविड मामलों की शीघ्र पहचान के लिए एक प्रभावी रणनीति तैयार करने पर जोर दिया। बाद में डीडीसी अध्यक्ष ने टिकरी की डीडीसी पार्षद आशु शर्मा और जिब के सरपंच राकेश शर्मा के साथ स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र टिकरी का भी दौरा किया। जहां उन्होंने कोविड वेलफेयर केंद्र के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया और डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के साथ बातचीत की।