किश्तवाड़। जिला किश्तवाड़ में जिला विकास परिषद (डीडीसी) व पंचायत के उपचुनाव के लिए पहले चरण के चुनाव की तैयारियां लगभग पूर्ण हो गई हैं। इस संबध में डीडीसी एवं चुनाव अधिकारी अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि पहले चरण के तहत मढ़वा और वाड़वन ब्लॉक में 28 नवंबर को मतदान होना है। इसके लिए सभी पोलिंग पार्टियां और सामग्री हेलिकॉप्टर से 21-22 नवंबर को भेज दी हैं। इसके साथ ही उन्हें वाड़वन के इनशन और मढ़वा के नवापाची में पहुंचा दिया है। जहां से 26-27 नवंबर को पोलिंग स्टेशनों पर भेजा जाएगा। उनके रहने-खाने सहित सभी व्यवस्थाएं कर दी हैं। 27 नवंबर को सभी पोलिंग स्टेशनों का निरीक्षण किया जाएगा।
गौरतलब है कि पहले चरण में ब्लॉक बाड़वन के 26 और मढ़वा में 68 पोलिंग स्टेशन पर मतदान होगा। बाड़वन में चार सरपंचों, 19 पंचों सहित जिला विकास परिषद सदस्य के लिए मतदान होना है। इसी प्रकार मढ़वा में सात सरपंचों, 61 पंचों सहित डीडीसी सदस्य के लिए मतदान होगा है। बाड़वन में डीडीसी के आठ प्रत्याशी हैं, जिसमें छह निर्दलीय और दो पार्टियों से संबंधित हैं। मढ़वा से पांच प्रत्याशी मैदान में हैं, जिसमें तीन निदर्लीय और दो पार्टियों के प्रतिनिधि हैं। डीसी ने कहा कि दोनों ब्लाक में बर्फबारी जारी है और ठंड भी अधिक हैं। मगर प्रशासनिक तैयारियों पूरी हैं। सुरक्षाबल हर पोलिंग स्टेशन पर तैनात कर दिए गए हैं।