उधमपुर। देविका नदी में गिर रही गंदगी की शिकायतों पर कड़ा संज्ञान लेते हुए डीसी ने टीम देविका के सदस्यों के साथ सैरगाह रोड और मीट मार्केट क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान मीट मार्केट क्षेत्र और चबूतरा बाजार से गिरने वाले नाले से सैरगाह रोड पर लगे गंदगी के अंबार भी देखे। टीम देविका के सदस्यों ने बताया कि सैरगाह रोड पर गिरने वाले नाला क्षतिग्रस्त होने के कारण सड़क पर रोजाना गंदगी बह रही है जो सीधे पवित्र देविका नदी को गंदा कर रही है। इसके अलावा मीट मार्केट क्षेत्र की गंदगी भी देविका नदी को अपवित्र कर रही है। इसलिए इन क्षेत्रों में जल निकासी के उचित प्रबंध करने की जरूरत है। समस्या का जायजा लेने के बाद डीसी ने कहा कि मीट मार्केट और सैरगाह रोड पर फैल रही गंदगी को दूर करने के लिए सप्ताह के अंत तक जरूरी कदम उठाए जाएंगे।