उधमपुर। जिला उपायुक्त सलोनी राय की अध्यक्षता में शनिवार को डीसी कार्यालय परिसर के मिनी कॉन्फ्रेंस हाल में भवन संचालन नियंत्रण प्राधिकरण की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में लंबित निर्माण कार्यों, मरम्मत और भूमि विकास से संबंधित आवेदनों की समीक्षा करना और उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना था।
इस दौरान नए आवासीय और वाणिज्यिक भवनों के निर्माण, मौजूदा ढांचों की मरम्मत, नवीनीकरण और स्थानीय वंशानुगत निवासियों द्वारा भूमि विकास से संबंधित मामलों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद भूमि उपयोग में परिवर्तन (सीएलयू) से संबंधित दो महत्वपूर्ण मामलों को शर्तों के साथ स्वीकृति प्रदान की गई। उपायुक्त ने पटनीटॉप विकास प्राधिकरण के सीईओ को निर्देश दिए कि नागरिकों के आवेदनों में देरी न हो, इसके लिए हर महीने नियमित रूप से बैठक होगी। यहां पटनीटॉप विकास प्राधिकरण के सीईओ वीरेंद्र कुमार मन्याल,एसडीएम चिनैनी डॉ. रणजीत सिंह कोटवाल,डीएफओ उधमपुर और अन्य संबंधित विभागों के विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।