किश्तवाड़। डीसी अशोक कुमार शर्मा ने शुक्रवार देर रात जिला अस्पताल किश्तवाड़ का औचक दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके अलावा कोविड केंद्र की व्यवस्था की समीक्षा भी की। वहीं, आपातकालीन कक्ष का निरीक्षण कर मरीजों और तीमारदारों से बातचीत की।
उन्होंने आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, ताप, प्रकाश और अन्य आवश्यकताओं सहित विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को इन सेवाओं को मरीजों को प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने हाजिरी रजिस्टर की जांच कर संबंधितों अधिकारियों को नोटिस बोर्ड पर अधिकारियों के रोस्टर को प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। कहा कि कार्य में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कोविड-19 देखभाल केंद्रों में संक्रमित रोगियों के प्रबंधन के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की। वहीं, रोगियों के लिए दवाओं, भोजन और उन्हें प्रदान की जाने वाली अन्य चिकित्सा सुविधाओं के प्रावधानों के बारे में जानकारी ली। चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर परवेज इकबाल को रोगी की देखभाल सुविधाओं के साथ स्वच्छता की स्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए। सीएमओ को रोगी के जीवन रेखा परियोजना (ओजीपी) को समय पर चालू करना सुनिश्चित करें। इस दौरान उनके साथ एसडीएम छात्रू इंद्रजीत सिंह परिहार, एसीआर अख्तर हुसैन काजी, सीएमओ डॉक्टर आरएस मन्हास, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉक्टर चंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।