किश्तवाड़। क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) ने उपायुक्त अंगरेज सिंह राणा की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में लेटर ऑफ अथॉरिटी (एलए) के 84 मामलों को मंजूरी दी। बैठक में विचार-विमर्श के बाद पैनल ने बड़े पैमाने पर परिवहन की सुविधा प्रदान करने और परिवहन में अतिभार को रोकने के लिए बेरोजगार युवाओं के 84 आवेदन पत्रों को मंजूरी दी।
इससे पहले, सदस्य सचिव (एआरटीओ) ने समिति के समक्ष मामले प्रस्तुत किए, जिसमें आवेदकों के पक्ष में एलए जारी करने की मांग की गई। वहीं बैठक के दौरान उपायुक्त ने एआरटीओ और यातायात अधिकारियों को सलाह दी कि वे यातायात से जुड़े मुद्दों को सुलझाने में सक्रिय रहें। इसके साथ ही उन्होंने ट्रैफिक नियम के उल्लंघन करने वालों पर कड़ी निगरानी रखने और डिफॉल्टरों के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। बैठक में एसएसपी किश्तवाड़ डॉ. हरमीत सिंह मेहता, एआरटीओ इंजीनियर कुलदीप सिंह, (सदस्य सचिव आरटीए), डीएसपी डीएआर इफ्तिखार अहमद व अन्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे। ब्यूरो