संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जगानू दंगल कमेटी की तरफ से ब्लाॅक जगानू के पक्का तालाब में वार्षिक दंगल का आयोजन किया गया। इसमें हरियाणा के विनय पहलवान ने जम्मू-कश्मीर के बसंतगढ़ के बिनिया पहलवान को हराकर जगानू दंगल केसरी का खिताब अपने नाम किया।
40 साल बाद जगानू में इस दंगल का आयोजन किया गया था। इसमें काफी संख्या में स्थानीय और आसपास के लोग पहुंचे। लोगों ने तालियों व सीटियों से पहलवानों का मनोबल बढ़ाया। आयोजकों ने बताया कि अब यह हर साल इसी तरह से आयोजित किया जाएगा।
दंगल में 30 से अधिक छोटी-बड़ी कुश्तियां हुईं जिसमें स्थानीय पहलवानों के अलावा जम्मू-कश्मीर, पंजाब तथा हरियाणा के पहलवानों ने भाग लिया। अपने दमखम और दांव-पेंच से पहलवानों ने दर्शकों को रोमांचित किया।
बड़ी माली का मुकाबला जम्मू-कश्मीर के बिनिया और हरियाणा के विनय पहलवान के बीच हुआ जिसमें दोनों पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन किया। करीब 30 मिनट तक चले इस रोमांचक मुकाबले में विनय पहलवान ने प्रतिद्वंदी पहलवान को पटखनी देकर दंगल जीत लिया। कार्यक्रम के अंत में पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व बीडीसी चेयरमैन जीवन शर्मा, सरपंच राजेश शर्मा, पुलिस चौकी रौन के चौकी इंचार्ज जोगेश्वर मल्होत्रा के अलावा जगानू दंगल कमेटी के सदस्य काला शाह, महेश चंद्र आदि मौजूद थे।