उधमपुर। जिले के गैस एजेंसी संचालकों ने पत्रकार वार्ता आयोजित कर सिलिंडर बुकिंग के नए नियमों पर स्थिति स्पष्ट की। धनी राम अत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया गया कि सरकार और गैस कंपनियों ने सिलिंडरों की अनावश्यक स्टॉकिंग और जमाखोरी रोकने के लिए बुकिंग अंतराल को बदल दिया है।
अब उपभोक्ता 21 दिन के बजाय 25 दिन के अंतराल पर दूसरा सिलिंडर बुक कर सकेंगे। संचालकों के अनुसार कई उपभोक्ता जरूरत से पहले ही बुकिंग कर लेते थे जिससे आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होती थी। नया नियम यह सुनिश्चित करेगा कि सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से और समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
एजेंसी प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस का पर्याप्त स्टॉक है और आपूर्ति सुचारू है। ओटीपी मिलने में आ रही दिक्कतों का कारण तकनीकी समस्या है जिसे जल्द ठीक कर लिया जाएगा। संचालकों ने जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आवश्यकता होने पर ही बुकिंग करें। संवाद