सिलिंडर फटने के बाद क्षतिग्रस्त हुई रसोई का दृश्य।
किश्तवाड़। जिले के पूछाल गांव में वीरवार रात को एक घर की रसोई में सिलिंडर फटने से दो लोग घायल हो गए। साथ ही मकान को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार शहर से सटे गांव अपर पूछाल में रात लगभग नौ बजे अचानक रसोई में रखे सिलिंडर में आग लग गई। इसके बाद सिलिंडर फट गया, और मकान को भारी नुकसान पहुंचा। इस दौरान घर के मालिक कृष्ण लाल शर्मा और उनके निवास स्थान पर रह रहा एक अन्य युवक सुजल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। इन्हें फौरन जिला अस्पताल लाया गया। इसके बाद प्रारंभिक उपचार देकर इन्हें जम्मू जीएमसी रेफर कर दिया गया।
धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे, और उन्होंने पुलिस को भी सूचना दी। जानकारी मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया, और मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है।