udhampur main sajji union church
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। क्रिसमस पर्व को लेकर यूनियन चर्च सज गया है और लोगों का चर्च में पहुंचना भी शुरू हो गया है। वहीं इसी के चलते बाजार में रौनक बढ़ती जा रही है। सोमवार को नागा होने के बावजूद लोगों ने बाजार पहुंच कर सांता क्लाज की ड्रेस व उपहारों की खूब खरीदारी की। क्रिसमस पर्व का समारोह मंगलवार शाम को शुरू होगा और देर रात तक जारी रहेगा।
25 दिसंबर को पूरे विश्व में क्रिसमस का पर्व धूमधाम के साथ मनाया जाएगा और प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी उधमपुर में यूनियन चर्च की तरफ से क्रिसमस पर्व धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। क्रिसमस की खरीदारी के लिए बाजार में लगातार भीड़ बढ़ती जा रही है। सोमवार को भी बाजार में खूब रौनक छाई और लोगों ने जमकर खरीदारी की। वहीं यूनियन चर्च को पूरी तरह से सजा दिया था और सजावट को देखने के लिए लोगों को चर्च में पहुंचना भी शुरू हो चुका है। सोमवार को काफी संख्या में लोग प्रार्थना करने के लिए चर्च में पहुंचे। प्रार्थना के बाद सभी ने बाजार में जाकर परिवार सहित खरीददारी करने का आनंद उठाया। क्रिसमस पर्व का मुख्य कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार शाम को होगा। इस कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में शहरवासी भी हिस्सा लेंगे। चर्च में तैयार किया जा रहे मंच पर संगीत, स्किट, प्रवचन के कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा और प्रभु यीशु की महिमा का गुणगान किया जाएगा।