फोटो...सामुदायिक शिक्षा संस्थान आदर्श बालनिकेतन हाई स्कूल के वार्षिक उत्सव के दूसरे दिन पूर्व मं?
- फोटो : UDHAMPUR
किश्तवाड़। जिला किश्तवाड़ में सामुदायिक शिक्षा संस्थान आदर्श बाल निकेतन हाईस्कूल के वार्षिक उत्सव के दूसरे दिन की अध्यक्षता पूर्व मंत्री एवं भाजपा के यूटी महासचिव सुनील कुमार शर्मा ने की। इस दौरान किश्तवाड़ की जनता ने दिल खोलकर स्कूल को दान दिया। लगभग 15 लाख रुपये की राशि दान में आई। कार्यक्रम के शुभारंभ सुनील कुमार शर्मा ने किया। इसके बाद स्कूली बच्चों ने माता सरस्वती की वंदना के साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुति दी।
स्कूली बच्चों के अलावा उपमंडल पाडर से नवरतन शिटयान के नेतृत्व में एक पार्टी ने कार्यक्रम को चार चांद लगा दिए। पाडरी गीत पर ढोलकी व बंसी की धुन पर जब लोकर खड़ि जाठ लगाई तो तालियों से पूरा वातावरण गूंज उठा। सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि यह सामुदायिक स्कूल है, जहां हमने भी शिक्षा हासिल की है। जो हमारा फर्ज है हम खूब निभाएंगे। कहा कि जिले में दो ही ऐसे शिक्षा संस्थान इसलामिया फरीदिया हायर सेकेंडरी व आदर्श बालनिकेतन हाईस्कूल हैं, जहां पर बच्चों को नैतिक व धार्मिक शिक्षा दी जाती है। इससे पूरे समाज में संस्कारी बच्चे जाते हैं। उन्होंने इस स्कूल के 62वें वार्षिक उत्सव पर प्रबंधक समिति, प्रधानाचार्य सहित स्टाफ व बच्चों को बधाई दी। उन्होंने सभी दानियों का आभार प्रकट किया। इसी कार्यक्रम में दूसरी व तीसरी अध्यक्षता सीवीपीपी पकल दुल पावर प्रोजेक्ट के ग्रुप जनरल मैनेजर रमेश मुखिया और सनातन धर्म सभा के प्रधान प्रो. सुरेंद्र सेन ने की। रमेश मुखिया ने घोषणा की कि इस स्कूल के लिए ई-लाईब्रेरी बनाकर देंगे। इसके अलावा वह ऑनलाइन सुविधा के लिए कंप्यूटर आदि भी देंगे। अंतिम अध्यक्षता सुरेंदर सेन ने की। उनके रहते स्कूल को एक लाख से अधिक राशि दान स्वरूप दी गई।
गौरतलब है कि यह स्कूल लोगों के दान पर चलता है। इसमें 90 प्रतिशत से अधिक गरीबी रेखा से नीचे के बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं, जिनसे बहुत कम फीस वसूल की जाती है। स्कूल के प्रधानाचार्य राजेश चंद्र सहित संरक्षक सोमनाथ शर्मा व समिति के प्रधान श्रीकृष्ण शर्मा ने दान देने के लिए जनता का आभार प्रकट किया। प्रो. सुरेंद्र सेन ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए स्कूल के बच्चों की खूब सराहना की। उन्होंने बच्चों के मनोबल बढ़ाने के लिए खुद से 11 हजार रुपये की राशि स्कूल को दान दी।