सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते कलाकार।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू संभाग के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पत्नीटाप की ओर सैलानियों को खींचने के लिए पर्यटन विभाग और पत्नीटॉप डेवलपमेंट अथारिटी (पीडीए) ने संयुक्त रूप से तीन दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आगाज किया। तीन दिन तक चलने वाले इस आयोजन में डोगरी, कुड, डांस के अलावा डोल, कैंप फायर, मुशायरा और अन्य कई आयोजन किए जाएंगे, जिसमें देश के कई हिस्सों के सैलानी भी हिस्सा ले रहे हैं।
वीरवार को शुरू हुए इस हैप्पी न्यू ईयर को लेकर आयोजन में रामबन के विधायक नीलम लंगेह मुख्य मेहमान रहे, जिन्होंने इसका उद्घाटन कर इस कार्यक्रम की शुरुआत की। कल्चरर कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में विधायक ने गुब्बारे उड़ाकर इसका शुभारंभ किया, जिसके बाद कई सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश हुई, जिसमें सबसे लुभाने वाली आइटम डोगरी कुड रहा, जिसने विधायक के अलावा सैलानियों को भी नाचने पर मजबूर कर दिया।
इस दौरान पंजाबी गानों पर भी सैलानी झूमने पर मजबूर हो गए और कई गायकों ने अपनी गायकी का जादू बिखेरा। देश के कई हिस्सों से आए सैलानी पत्नीटाप के इस कार्यक्रम को देख काफी उत्साहित दिखे और घंटों तक वीआईपी पार्क में रहकर इसका लुत्फ लिया।
31 को होगा म्यूजिकल नाइट
पीडीए के सीईओ राकेश कुमार सरंगल ने बताया कि पर्यटन विभाग, पीडीए, जेकेटीडीसी, होटल एसोसिएशन की तरफ से तीन दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पहले दिन इस कार्यक्रम में डोगरी कुड डांस का आयोजन हुआ। इसी तरह दूसरे दिन डुग्गर मंच की तरफ से मुशायरे का आयोजन किया जाएगा। 31 दिसंबर को म्यूजिकल नाइट का आयोजन होगा। इस मौके पर इनके साथ पर्यटन विभाग के असिस्टेंट डायरेक्ट तारिक अहमद भी मौजूद थे।