कटड़ा। श्रद्धालु लगातार जयकारे लगाते हुए मां वैष्णो देवी के भवन की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। रविवार शाम छह बजे तक करीब 20000 श्रद्धालु अपना पंजीकरण करवाकर आरएफआईडी यात्रा कार्ड प्राप्त कर मां वैष्णो देवी भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे।
हेलिकॉप्टर ने दिनभर उड़ानें भरी और बैटरी कार सहित रोपवे सेवा आम दिनों की तरह जारी रही। कुछ श्रद्धालु पैदल ही भवन की ओर प्रस्थान करते रहे। वहीं रविवार को दिनभर धूप खिली रही। भवन सहित मार्ग पर सुबह शाम ठंडी हवाएं चलने पर भी श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए लगातार भवन की ओर प्रस्थान करते रहे। मौजूदा समय में 22 हजार से 27 हजार श्रद्धालु रोजाना मां वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए धर्मनगरी कटड़ा पहुंच रहे हैं। वहीं सप्ताहंत पर भी श्रद्धालुओं की संख्या में थोड़ा उछाल देखने को मिलता है। फिलहाल श्रद्धालुओं को न तो पंजीकरण को लेकर कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है और न ही मां वैष्णो देवी के प्राकृतिक पिंडियों के समक्ष दर्शनों को लेकर ज्यादा इंतजार करना पड़ रहा है। श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपनी यात्रा जारी रखे हुए हैं। वहीं पंजीकरण कक्ष से मिली जानकारी के मुताबिक सप्ताहंत पर शनिवार को 26760 श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में हाजिरी लगाई।