जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास मलाड़ के पास शनिवार की देर रात को एक एक्सयूवी गाड़ी असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे उसके चालक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार गाड़ी नंबर जेके01- 0077 जम्मू से श्रीनगर जा रही थी।
जब वह मलाड़ बाईपास के पास पहुंची तो वह अचानक से बेकाबू होकर पलट गई। इस हादसे की इसकी मिलते ही स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया। गाड़ी से एक व्यक्ति को निकाला गया। जांच करने पर पता चला कि शिवपुरा बटावारा श्रीनगर के रहने वाले उस अधेड़े भूपेंद्र सिंह सोढ़ी (55) की मौत हो चुकी थी। गाड़ी में कोई और सवार नहीं था।
घटना की जानकारी लोगों ने पुलिस को भी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया। उसके घर वालों को इसकी सूचना दी गई। रविवार को कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर शव का पोस्टमार्टम किया गया। उसके बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।