मोबाइल शॉप में हुई चोरी। कैमरे में कैद हुए बदमाश
- फोटो : amar ujala
शहर के एक मोबाइल फोन की दुकान से दिनदहाड़े कीमती फोन लेकर एक चोर चलते बना। वह पकड़ा तो नहीं गया, लेकिन उसकी चोरी की हरकत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
रविवार की सुबह ग्यारह बजे के करीब शहर के अति व्यस्त गोल मार्केट में स्थित आरके हैलो प्वाइंट मोबाइल की दुकान पर एक व्यक्ति ने दिनदहाड़े चोरी की घटना को अंजाम दिया। व्यक्ति मोबाइल खरीदने के बहाने नया कीमती फोन अपनी जेब में रखकर चंपत हो गया।
पूरी घटना के बारे में जानकारी देते हुए दुकान के मालिक राकेश गुप्ता ने बताया कि आरोपी बीस मिनट तक उसने कई प्रकार के मोबाइल देखे, लेकिन जब उसे कोई मोबाइल पसंद नहीं आया तो उसने काउंटर में रखे एक मोबाइल की डम्मी दिखाने को कहा। जब वह उसे मोबाइल की डम्मी दिखाने लगे तो उसने एक कीमती मोबाइल अपनी जेब में रखा और चंपत हो गया।
उसके बाद उन्होंने उसे ढूंढने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मिला। बाद में दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई। चोरी की घटना की सारी रिकार्डिंग देखने के बाद उन्होंने पुलिस को सूचित कर व्यक्ति के फोटो और चोरी की फुटेज की सारी जानकारी मुहैया करवाई। उनके मुताबिक चोरी हुए मोबाइल की कीमत 7500 रुपये से अधिक है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।