शहर के सीईओ कार्यालय के निकट एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में बुरी तरह से झुलस गया। पीड़ित को स्थानीय लोगों ने तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। उसके झुलसने के कारणों का शुक्रवार देर शाम तक पता नहीं चल पाया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक जगदीश कुमार पुत्र बसंत गिरी निवासी बप्प सराड़ मौजूदा समय में सीईओ कार्यालय के पास किराए के मकान में रह रहा है। बताया जाता है कि शुक्रवार तड़के जगदीश अपने कमरे में सो रहा था।
जब उसकी अचानक नींद खुली तो वह खुद को आग की लपटों में घिरा पाया। वह खुद को बचाने में असहाय था। उसकी चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत दमकल विभाग की गाड़ी को बुलाया।
दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि संदिग्ध परिस्थितियों में हुई इस घटना में जगदीश 70 प्रतिशत तक झुलस चुका है। पुलिस ने मामला तो दर्ज कर लिया है, पर अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।