उधमपुर। शहर के साथ लगते गोल मेला इलाके में रविवार देर रात को चोर वाइन शाप के ताले तोड़ कर हजारों की नकदी और कीमती सामान ले गए। जाते-जाते चोर सीसीटीवी कैमरे का पूरा सेट भी साथ ले गए। सुबह जब इसकी जानकारी मिली तो पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
वाइन शाप में करने वाले रंजीत ने बताया कि रविवार रात करीब नौ बजे शाप को बंद कर घर चले गए थे। सोमवार की सुबह करीब छह बजे किसी ने फोन कर बताया कि शाप के शटर के ताले टूटे हैं। शटर भी थोड़ा खुला है। जब दुकान पर पहुंचे तो देखा कि सारा सामान बिखरा पड़ा है। चोर करीब तीन हजार रुपये की नकदी, एलईडी टीवी और सीसीटीवी कैमरे का पूरा सेट भी उठा ले गए थे। चोरों ने सीसीटीवी कैमरे सबूत गायब करने के लिए उठाए। चोरी की जानकारी मिलने पर उधमपुर थाने से एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि जिस स्थान पर चोरों ने दुकान को निशाना बनाया है, वहां से कुछ दूरी पर पुलिस की चौकी भी है। इसके बावजूद चोरों ने दुकान का ताला तोड़ा और सामान व नकदी चोरी की। पुलिस को दिन प्रतिदिन बढ़ रहे चोरी के मामलों को गंभीरता से लेकर कार्रवाई करनी चाहिए।