पुलिस ने डेढ़ घंटे में लापता बच्चे को खोज निकाला
फैजाबाद। बीकापुर कोतवाली क्षेत्र से लापता हुए 10 वर्षीय एक बच्चे को बीकापुर पुलिस ने करीब डेढ़ घंटे में ढूंढ निकाला। बच्चे के पिता ने एसपी ग्रामीण से मिलकर बच्चे को तलाश किए जाने की गुहार लगाई थी।
कक्षा-5 का छात्र अविनाश उर्फ शुभ (10) निवासी वार्ड नंबर-10 बीकापुर अपने मां-बाप से नाराज होकर सोमवार सुबह अचानक लापता हो गया। काफी खोजबीन पर कहीं पता नहीं चलने पर पिता जयप्रकाश तिवारी ने एसपी ग्रामीण को इसकी सूचना दी। इस पर एसपी ग्रामीण ने बीकापुर कोतवाल प्रेमपाल सिंह, सब इंस्पेक्टर शशिकांत पांडे, राजेश यादव व शैलेश कुमार की टीम गठित की और बच्चे को तलाशने के निर्देश दिए। पुलिस टीम बच्चे को खेत, खलिहान, बाग, बगीचे, नहर आदि में ढूंढते हुए मलेथू कनक रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो अविनाश उन्हें स्टेशन पर बैठा मिल गया। पुलिस ने उसे परिवारीजनों के हवाले कर दिया है। एसपी ग्रामीण संजय कुमार के अनुसार बच्चे को उसके पिता ने रविवार रात किसी बात पर डांट दिया था। जिससे नाराज होकर वह सोमवार सुबह करीब 8 बजे घर छोड़कर चला गया था। बताया कि इस दौरान किसी ट्रेन के नहीं आने के कारण वह आगे नहीं जा सका, उसे सुबह 9:30 बजे ढूंढ लिया गया।