रामबन। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को एक ट्रक के खाई में गिरने से उसके चालक की मौत हो गई, जबकि सहचालक गंभीर घायल हो गया। एक अन्य हादसे में बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी, जिससे उसका चालक गंभीर घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार श्रीनगर से जम्मू की ओर आ रहा ट्रक रामबन पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले केलामोड़ के पास चालक से अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि सहचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर सिविल क्यूआरटी और पुलिस का बचाव दल पहुंचा। मृतक चालक मोहम्मद शब्बीर सुद्धमहादेव का रहने वाला था। घायल मोहम्मद असलम का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। उधर, एक अन्य हादसे में तेज रफ्तार ट्रक ने रामबन बस स्टैंड के पास एक कार को टक्कर मार दी, जिससे उसका चालक निभो शर्मा निवासी कच्ची छवनी जम्मू घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।