चिनैनी। गांव मरोठी के मोहड़ा बंदरास में शनिवार की दोपहर एक मकान में आग लग गई। इसमें मकान के दो कमरों में रखा सामान जल गया। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग लगने से लाखों का नुकसान हुआ है।
शनिवार की दोपहर करीब तीन बजे गांव बंदरास के दर्शन कुमार के मकान में आग लग गई। आग की लपटें देख ग्रामीण तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए और उनके द्वारा आग पर काबू पाने के लिए तुरंत प्रयास शुरू कर दिए गए, जिससे काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
पीड़ित व्यक्ति दर्शन कुमार ने बताया कि उनके दो कमरों को काफी नुकसान पहुंचा है, कमरों के अंदर रखे करीब 20 कंबल आग की भेंट चढ़ गए हैं, जबकि एक अलमारी में रखे पैसे भी आग की भेंट चढ़ गए। साथ ही घर में रखी मक्की भी तबाह हो गई, जिससे उन्हें काफी नुकसान हुआ है । ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित व्यक्ति को तुरंत मुआवजा देने की मांग उठाई है। ब्यूरो