जिले के दो अलग-अलग स्थानों पर मेटाडोर के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण 16 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल और पीएचसी मजालता पहुंचाया गया। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है। क्रिमची में होने वाली मेटाडोर दुघर्टना में ज्यादातर सरकारी स्कूलों के शिक्षक घायल हुए हैं। वे ड्यूटी पर जा रहे थे।
पहली दुघर्टना जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर बट्टल मोड़ इलाके में हुई, जहां सुबह करीब सवा सात बजे मेटाडोर नंबर जेके14सी-8119 की सामने से आ रहे ट्रक नंबर जेके14ए-7267 के साथ टक्कर हो गई।
इस हादसे में मेटाडोर पर सवार जीत सिंह निवासी बट्टल, जितेंद्र सिंह निवासी मजालता, ओम प्रकाश निवासी मजालता, महिंद्र लाल निवासी मजालता, रतना देवी निवासी कथील, सोबा राम निवासी कथील, अंग्रेज चंद निवासी पलातर, बबिता निवासी पलातर और तिलक राज निवासी मजालता गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तुरंत पीएचसी मजालता पहुंचाया गया। वहां हालत में सुधार नहीं होने पर जितेंद्र सिंह, अंग्रेज चंद, रतनी देवी, सोबा राम और महिंद्र लाल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दूसरी दुर्घटना जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर क्रिमची मोड़ इलाके में सुबह पौने दस बजे के करीब हुई। जहां उधमपुर से क्रिमची जा रही मेटाडोर क्रिमची मोड़ इलाके में सड़क के किनारे पर पलट गई। मेटाडोर के पलटने पर कंचन पत्नी चरण दास निवासी क्रिमची, नुसरत चौधरी निवासी क्रिमची, ज्योति शर्मा निवासी लंबी गली उधमपुर, हिमांशी निवासी शक्तिनगर उधमपुर, बद्री नाथ निवासी बाड़या उधमपुर, एन सिंह निवासी हाउसिंग कालोनी उधमपुर और साक्षी गुप्ता निवासी उधमपुर गंभीर रूप से घायल हो गई।
सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं घायलों ने बताया कि जब मेटाडोर क्रिचमी मोड़ पर पहुंची तो कुछ टूटने की आवाज आई और चालक मेटाडोर से नियंत्रण खो बैठा और मेटाडोर पलट गई।