चिनैनी। उधमपुर पुलिस ने जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर चिनैनी लगाए गए नाके पर ट्रक से कश्मीर से पंजाब ले जाई जा रही 170 किलो भुक्की की खेप बरामद की है। वहीं, तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान बग्गा पुत्र रामलोक निवासी होशियारपुर (पंजाब) और ट्रक चालक रवि दत्त पुत्र जग्गन नाथ निवासी सुखशाल तहसील नंगल, जिला रूपनगर (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार उधमपुर पुलिस ने जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिनैनी के मोटरशेड क्षेत्र में एक रूटीन नाका लगाया गया था। इस दौरान कश्मीर से जम्मू की तरफ आ रहे ट्रक (पीबी 65 ए 3972) की तलाशी ली गई, जिससे 170 किलोग्राम भुक्की बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर ट्रक को सील कर लिया है। वहीं, आरोपियों को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।