उधमपुर। आईईडी धमाके के बाद सैकड़ों की संख्या में लोग सलाथिया चौक की तरफ आ गए। इससे वहां भीड़ लग गई। इसके बाद पुलिस को जांच करने के साथ भीड़ को काबू करने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। दोपहर तीन बजे तक उक्त स्थान को सील कर दिया गया। वहां से वाहनों की आवाजाही को भी बंद कर दिया गया।
दोपहर करीब पौने एक बजे धमाका होने पर लोग सहम गए। घरों और दुकानों में कुर्सियां, सोफे तक हिल गए। जब लोगों को पता चला कि सलाथिया चौक में धमाका हुआ है, तो सैकड़ों की संख्या में लोग वहां पहुंच गए। एक समय के बाद स्थिति यह हो गई कि जांच में जुटी टीम के लिए लोगों को संभालना मुश्किल हो गया। कई बार समझाने के बावजूद लोग वहां से हटने के लिए तैयार नहीं थे।
कुछ देर बाद सीआरपीएफ के जवान भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस और सीआरपीएफ ने मोर्चा संभाला। सेना की टीम भी पहुंची। फिर लोगों को घटनास्थल से हटाया गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों को जांच करना आसान हुआ। दोपहर तीन बजे तक पुलिस ने रस्सी लगाकर उक्त स्थान को घेर दिया और वहां से आवाजाही बंद कर दी गई।