भद्रवाह। फरार और वांछित अपराधियों पर अपनी कार्रवाई जारी रखते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस ने जिला डोडा में पिछले छह साल से गिरफ्तारी से बच रहे एक भगोड़े को गिरफ्तार किया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार आरोपी मेहराज दीन पुत्र रमजान बट निवासी गुरेखरा, तहसील गंदोह, पुलिस स्टेशन भद्रवाह में आरपीसी की धारा 451, 380 और 323 के तहत एफआईआर संख्या 71/2014 में वांछित था। जांच के बाद अदालत में चालान पेश किया गया और आरोपी को बाद में भगोड़ा घोषित कर दिया गया। विशेष मोबाइल मजिस्ट्रेट भद्रवाह ने 2 मई, 2019 को उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।
एसएसपी डोडा संदीप मेहता के निर्देश पर फरार लोगों को ट्रैक करने और गिरफ्तार करने के लिए पुलिस स्टेशन स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया गया था। खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए और मानव व तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए, इंस्पेक्टर संदीप परिहार (एसएचओ पीएस भद्रवाह) के नेतृत्व में पीएस भद्रवाह की एक पुलिस टीम ने उक्त भगोड़े को गिरफ्तार कर लिया।