डोडा । जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर कुंडा धार क्षेत्र में डोडा आ रही एक कार खाई में गिर गई। इसमें कार में सवार छह में से पांच लोग घायल हो गए, जबकि एक युवती की मौत हो गई है।
मृतका की पहचान कविता निवासी भरथ बगला के रूप में हुई है। घायलों में भरथ बगला इलाके के सनी (13) पुत्र मिलाप सिंह, 15 वर्षीय सचिन पुत्र नरेश कुमार, 25 वर्षीय संजना देवी पुत्री भारत राज, 23 वर्षीय सेजल पुत्री भारत राज और 45 वर्षीय ड्राइवर पंजाब सिंह निवासी कुंडा धार शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक हादसे का शिकार हुई कार 20 फुट गहरी खाई में जा गिरी। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए एसोसिएटेड हॉस्पिटल डोडा पहुंचाया गया। जीएमसी के चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि 3 गंभीर रूप से जख्मी हैं। उन्हें जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है, जबकि दो को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज जीएमसी डोडा में ही चल रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस जगह सड़क हादसा हुआ है वहा कोई भी क्रैश बैरियर नहीं है।