उधमपुर/रामनगर। रामनगर के चौकी जंद्रोड़ गांव में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की चपेट में आने से एक 80 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान रोलो राम पुत्र शेरा निवासी चौकी जंद्रोड, सूरनी रामनगर के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को शाम चार बजे के करीब जंद्रोड़ गांव में अपने घर की तरफ लौट रहे 80 वर्षीय बुजुर्ग को एक तेज गति से आ रही मोटरसाइकिल नंबर जेके 14 के 4044 ने जोरदार टक्कर मार दी और फिर मौके से फरार हो गया। वहीं टक्कर लगने से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए स्थानीय लोगों की सहायता से उप जिला अस्पताल रामनगर पहुंचाया गया, लेकिन वहां डाक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत लाया घोषित कर दिया। वहीं पुलिस ने सूचना मिलने के चंद समय में ही फरार बाइक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान बबलू पुत्र मंजू निवासी कनाह, रामनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।