किश्तवाड़। पुलिस ने दो व्यक्तियों को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले द्राबशाला के सरूड़ इलाके में एक धार्मिक शिक्षक की ओर से 15 वर्षीय एक नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया था। बताया गया है कि वह एक मदरसा चलाता है, जहां पर एक बच्ची उसके पास धार्मिक शिक्षा ग्रहण करती थी। 24 माह पहले उसके साथ दुष्कर्म किया गया और वह गर्भवती है। चायल्ड वेलफेयर कमेटी की तरफ से उसका गर्भपात करने का आवेदन किया गया है। धार्मिक शिक्षक की पहचान 22 वर्षीय अब्दुल लतीफ निवासी कीरी सरूड़ बताई गई। इसके अलावा एक और मामला नौ वर्षीय बच्ची के साथ 35 वर्षीय व्यक्ति ने दुष्कर्म करने का सामने आया है। वह किश्तवाड़ के अख्याराबाद में किराये पर रह रहा था, जो कि मढ़वा के दहरना गांव का निवासी गुलाम कादिर है। उसने उसी मकान में किराये पर रह रही बच्ची के साथ दुष्कर्म किया है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है।