उधमपुर। जिला निर्वाचन आयोग सलोनी राय के नेतृत्व में पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव के लिए गठित की गई विशेष टीमों ने नकदी, शराब, नशीले पदार्थों सहित लगभग दो करोड़ 27 लाख 63 हजार 675 रुपये की नकदी बरामद की है।
जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में उधमपुर जिले की चार सीटों पर चुनाव हुए। अधिसूचना जारी होने के बाद से जिले में तेज हुई राजनीतिक गतिविधियों पर नजर रखने और आचार संहिता के पालन सहित पारदर्शी व निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए सीईओ सलोनी राय ने एफएसटी, एसएसटी, जीएसटी और एक्साइज सहित अन्य एजेंसी की टीमों को सक्रिय किया। इस दौरान पुलिस व एक्साइज की टीम ने जहां भारी मात्रा में 4,09,535 कीमत की 819.07 लीटर शराब जब्त करने में सफलता प्राप्त की तो वहीं एक करोड़ 32 लाख 29 हजार 400 रुपये की कीमत के 69.657 किलोग्राम नशीले पदार्थ भी जब्त किए। इसके अलावा जीएसटी व अन्य टीमों के सहयोग से 44 लाख 28 हजार रुपये की नकदी भी बरामद हुई और मुफ्त व लुभावन से जुड़ी 46,96740 की कीमती सामग्री भी जब्त की गई। जिले में डीसी की देखरेख में कुल दो करोड़ 27 लाख 63 हजार 675 रुपये की बरदामदगी दर्ज करवाई गई है। इस मामले में विभिन्न विभागों की ओर से 48 मामले भी दर्ज किए गए हैं। वहीं सीईओ ने चुनावी ड्यूटी निभाने में लापरवाही बरतने और सौंपी गई जिम्मेदारी को न निभाकर महत्वपूर्ण चुनावी प्रक्रिया में विघ्न पैदा करने पर एक हेड असिस्टेंट और शिक्षकों को निलंबित भी किया।