रियासी। पुलिस विभाग की ओर से नगर के मुख्य बस अड्डे जोरावर सिंह चौक के पास लगाए जाने वाले नाके का स्थानीय लोगों ने विरोध जताया।
रोजाना नगर के बीचोंबीच लगाए जाने वाले नाके को बाहर की ओर लगाए जाने की मांग की गई। पुलिस की ओर से बीते बुधवार शाम को बस अड्डे पर नाका लगाकर आने जाने वाले वाहनों को रोका जा रहा था। दोपहिया वाहनों के साथ ही अन्य प्राइवेट और यात्री वाहन की भी जांच की जा रही थी। कुछ वाहनों को यातायात के नियमों की उल्लंघना करने में संलिप्त पाए जाने पर उनका चालान भी किया गया। इस मौके पर आए किराना यूनियन के प्रधान देविंद्र गुप्ता, चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के प्रधान मिथुन भारती व अन्य ने पुलिस के अधिकारियों साथ बात कर नाके को गलत ठहराया। उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से आए दिन बस अड्डे पर लगाए गए नाके से अफरातफरी का माहौल बन जाता है। बाजारों में ग्राहकों की कमी हो जाती है लोग परेशान होते हैं। इस दौरान नाके को ऋषि चौक, कॉलेज मार्ग और मिनी सचिवालय से आगे लगाने की मांग की गई।