उधमपुर। पुलिस ने जिले के अलग अलग पुलिस स्टेशनों में दर्ज तीन गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर जांच कर तीनों लापता लोगों का पता लगा कर परिवार को सौंप दिया है। तीनों लोगों के परिवार के सदस्यों ने रामनगर, मजालता और रैंबल पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
गढ़ी उधमपुर निवासी एक महिला के लापता होने के संबंध में पुलिस स्टेशन रैंबल में सूचना प्राप्त हुई थी। इसको लेकर 24 अगस्त को पुलिस स्टेशन रैंबल में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई। एसएचओ रैंबल पुष्पिंदर सिंह ने डीएससी हेडक्वार्टर गुरमीत सिंह के दिशा निर्देश में जांच तेज करते हुए लापता महिला का पता लगाया और औपचारिकता पूरी करने के बाद परिवार के हवाले कर दिया। इसी प्रकार एक अन्य व्यक्ति अमित बंद्राल पुत्र स्वर्ण सिंह निवासी पौनी कठल मजालता की गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस स्टेशन मजालता में दर्ज की गई थी। इस पर कार्रवाई करते हुए एसडीपीओ विशाल मन्हास ने पुलिस स्टेशन मजालता में विशेष पुलिस टीम का गठन किया और एसएचओ मजालता इंस्पेक्टर राकेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने मजालता के बट्टल क्षेत्र से लापता व्यक्ति का पता लगा लिया।
इसके अलावा एक अन्य व्यक्ति काली दास निवासी सुरनी रामनगर की गुमशुदगी की शिकायत उसकी भाभी राज कुमारी निवासी सुरनी ने पुलिस पोस्ट घोरडी में 26 अगस्त को दर्ज करवाई थी। इस पर एसडीपीओ रामनगर की देखरेख में पुलिस टीम गठित की गई। पीएसआई अभिनव भट्टी इंचार्ज पुलिस घोरड़ी के नेतृत्व में टीम ने अथक प्रयास किए और उपरोक्त लापता व्यक्ति को तहसील रामनगर के चनुनता क्षेत्र से ढूंढ निकाला।