उधमपुर। जखैनी नाका पॉइंट पर नौ दिसंबर को वाहनों की जांच के दौरान पुलिस ने स्विफ्ट कार से 11.20 ग्राम हेरोइन बरामद की थी और नशा तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। अदालत ने आरोपी को 15 दिनों की अतिरिक्त न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जांच अधिकारी पीएसआई साहिल सिंह चिब ने आरोपी राजा वसीम पुत्र अब्दुल वहीद खान निवासी शेखपुरा मनीगाह कुपवाड़ा की न्यायिक रिमांड की मांग की थी, जो जिला जेल उधमपुर में न्यायिक हिरासत में बंद है। उसे कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट में पेशी के दौरान वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से आरोपी की पहचान जिला जेल में एचसी मोहम्मद खलील ने की और कोर्ट में पीएसआई साहिल सिंह चिब ने की। आरोपी की ओर से उप कानूनी सहायता बचाव वकील सुरिंदर खजूरिया उपस्थित हुए। उसकी हिरासत अवधि एक जनवरी 2025 को समाप्त हो गई। कोर्ट ने आरोपी के खिलाफ लगाए गए अपराध जघन्य और गैर-जमानती मानते हुए न्यायिक रिमांड की प्रार्थना की अनुमति दे दी। आरोपी को 15 दिनों की अतिरिक्त अवधि यानी 15 जनवरी 2025 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस दौरान वह जिला जेल उधमपुर में रहेगा और इसकी समाप्ति के बाद उसे अगले आदेश के लिए विशेष अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।