संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। नशा तस्करी के मामले में गिरफ्तार आरोपी को अदालत ने चार दिन की अतिरिक्त पुलिस रिमांड पर भेजा है। आरोपी की पहचान मुद्दिसर निवासी धनोड़ी के रूप में हुई है। उसे पुलिस ने हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। इससे पहले आरोपी की तीन दिन की रिमांड मिली थी।
जानकारी के अनुसार बीते मंगलवार को उधमपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी ने गश्त के दौरान मुद्दिसर को 5. 63 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। मामले की आगे की जांच और पूछताछ के लिए जांच अधिकारी ने बुधवार को उसे अतिरिक्त सेशन मोबाइल मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की अपील की थी। आरोपी की तरफ से असिस्टेंट लीगल ऐड डिफेंस काउंसिल के वकील शुभम कपूर भी मौजूद थे।
पुलिस और बचाव पक्ष को सुनने के बाद अदालत ने कहा था कि आरोपी के खिलाफ लगाए गए अपराध जघन्य और गैर-जमानती हैं और जांच प्रारंभिक चरण में है इसलिए इसकी तीन दिन की रिमांड दी जाती है। शनिवार को रिमांड की अवधि पूरी होने पर उसे फिर से अदालत में पेश किया गया। जांच अधिकारी ने अदालत से अतिरिक्त पुलिस रिमांड की अपील की जिसकी अनुमति देते हुए अदालत ने आरोपी को चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।