करीब एक महीने के बाद जिले में कोरोना संक्रमण से एक व्यक्ति की मौत हुई है। इसके साथ शहर व ग्रामीण इलाकों में मंगलवार को कुल दस लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनके संपर्क में रहने पर 20 के करीब लोगों को क्वारंटीन करने के साथ सबके कोरोना टेस्ट करवाए गए हैं। मंगलवार को कोरोना के मामलों में थोड़ी बढ़ोतरी होने पर स्वास्थ्य विभाग की चिंता भी बढ़ गई है। शाम तक चार लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे।
पिछले कुछ दिनों से जिले में कोरोना के मामलों में कभी बढ़ोतरी हो रही है तो कभी कमी आ रही है। करीब तीन महीने के बाद सोमवार को जिले में एक भी संक्रमण का मामला सामने नहीं आया था। इससे प्रशासन को भी बहुत ज्यादा राहत मिली थी। लेकिन मंगलवार को दूसरे ही दिन दस मामले सामने आ गए हैं। सबसे अधिक रामनगर में पांच लोग संक्रमित पाए गए हैं।
बसंतगढ़ में तीन, चिनैनी में एक और पंचैरी में एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। चार लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या में थोड़ी गिरावट हुई है। श्री माता वैष्णो देवी नारायणा अस्पताल में उपचाराधीन एक संक्रमित की मौत भी हो गई है। करीब एक महीने के बाद जिले में किसी की संक्रमण से मौत हुई।
जिले में अब तक संक्रमण से मरने वालों लोगों की संख्या 132 हो गइ है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 11207 हो गए हैं। इसमें से 11002 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब हो गए हैं। जिले में 73 सक्रिय मामले बचे हैं।