किश्तवाड़। जिला किश्तवाड़ में कुछ दिनों से लगातार मामले बढ़ रहे हैं। शनिवार सुबह डीसी राजेंद्र सिंह तारा ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि शनिवार को 10 और लोग संक्रमित मिले हैं। इनमें से आठ क्वारंटीन थे और एक दुकानदार शामिल है, जो छात्रू तहसील का निवासी है। इनकी रिपोर्ट शनिवार सुबह ही मिले हैं। इनमें तीन छात्रू निवासी, एक सीआईएसएफ और एक पुलिस कर्मी है।
गौरतलब है कि एक सप्ताह में जिले में संक्रमितों के मामलों में काफी इजाफा हुआ है। मार्च माह में मात्र एक कोरोना संक्रमित था वह भी जम्मू में क्वारंटीन में था। शुक्रवार तक कुल 96 लोग संक्रमित हुए, जिसमें 34 लोगों को ठीक होने के बाद घर भेज दिया गया है। अभी भी 71 लोगों का इलाज चल रहा है। शनिवार को 10 मामले सामने आए हैं, जिस कारण जिले में आंकड़ा बढ़ कर 106 हो गया है। डीसी ने लोगों से घर में रहने की अपील की है।